गुरुग्राम (हरियाणा), सात जून (भाषा) गुरुग्राम की अशोक विहार कॉलोनी में रविवार तड़के 50 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपने घर में हुए विवाद के बाद अपनी पत्नी और बेटे की कथित तौर पर लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान अनिल के रूप में हुई है जिसे हिरासत में ले लिया गया है और पालम विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना में अनिल की पत्नी आशा (45) और बेटे प्रशांत (25) की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि आशा एक निजी स्कूल में प्रधानाचार्य थीं।
पुलिस के अनुसार, दंपति में अक्सर झगड़ा होता था और शनिवार रात भी घर में विवाद हो गया। इस दौरान दूसरे कमरे में सो रहा प्रशांत शोर सुनकर जाग गया और उसने बीच-बचाव की कोशिश की।
इसने कहा कि अनिल ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और पत्नी तथा बेटे पर गोली चला दी जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो अनिल शवों के पास बैठा मिला।
पुलिस के मुताबिक, पूर्व में अनिल स्कूलों में शारीरिक और खेल प्रशिक्षक के रूप में काम करता था तथा बाद में एक निजी कंपनी में सुरक्षा अधिकारी के रूप में सेवाएं देने लगा। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
भाषा
वैभव नेत्रपाल
नेत्रपाल