बघेल से मिलकर अपनी बात रखेंगे: परगट सिंह ने पंजाब कांग्रेस में जारी हलचल के बीच कहा

Ads

बघेल से मिलकर अपनी बात रखेंगे: परगट सिंह ने पंजाब कांग्रेस में जारी हलचल के बीच कहा

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 04:19 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 04:19 PM IST

चंडीगढ़, नौ जुलाई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता परगट सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह और पार्टी के अन्य नेता अपनी बात रखने के लिए पार्टी की पंजाब इकाई के प्रभारी भूपेश बघेल से मुलाकात करेंगे।

पंजाब के पांच दिवसीय दौरे पर आए बघेल से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी माने जाने वाले कई नेताओं ने अब तक मुलाकात नहीं की है।

परगट सिंह और वरिष्ठ नेता एवं सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि कांग्रेस ‘‘एकजुट और मजबूत’’ है। उन्होंने कहा कि पार्टी का बड़ा लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनावों के बाद सत्ता में वापसी करना है।

परगट सिंह ने हालांकि माना कि ‘‘कुछ मतभेद’’ हैं। उन्होंने कहा कि इन मतभेदों को बघेल के समक्ष रखा जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘एक-दो (नेताओं) को बात करने के लिए अधिकृत किया गया है। बघेल हमारे प्रभारी हैं और उनके साथ बैठक होगी। सुखजिंदर रंधावा उनसे बैठक का समय तय करेंगे।’’

इससे पहले दिन में, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक राणा गुरजीत सिंह ने गुटबाजी की खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि पार्टी आलाकमान से ऊपर कोई नहीं है।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और खुद राणा गुरजीत सिंह, रंधावा, भारत भूषण आशु सहित कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं द्वारा बघेल से अब तक मुलाकात नहीं किए जाने के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘आलाकमान से ऊपर कोई नहीं है।’’

चन्नी, रंधावा, परगट सिंह, आशु और गुरकीरत सिंह ने यहां राणा गुरजीत के आवास पर बृहस्पतिवार को मुलाकात की। हालांकि, राणा ने कहा कि वे सभी कपूरथला में नगर निकाय चुनाव से जुड़े एक मुद्दे पर चर्चा करने के लिए उनसे मिलने आए थे। बाद में परगट, रंधावा और राणा ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत की।

बघेल 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी नेताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं। वह पांच दिवसीय दौरे पर सोमवार को यहां पहुंचे थे।

कांग्रेस ने एक जुलाई को घोषणा की थी कि अमरिंदर सिंह राजा वडिंग कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे और चन्नी को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद के लिए चन्नी के नाम पर पुनर्विचार की मांग का कई मौजूदा और पूर्व विधायकों द्वारा समर्थन किए जाने के कुछ दिनों बाद सोमवार को कई वरिष्ठ नेताओं ने मोहाली में चन्नी की मौजूदगी में बैठक की थी।

राणा गुरजीत ने एक सवाल के जवाब में यह दिखाने की कोशिश की कि कांग्रेस की पंजाब इकाई में ‘‘सब ठीक है।’’

पार्टी में कथित गतिरोध समाप्त होगा या नहीं, इस सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘कहां है गतिरोध? सब ठीक है।’’

बघेल ने बुधवार को पार्टी की प्रदेश इकाई के नेतृत्व में किसी बदलाव की संभावना से इनकार करते हुए कहा था कि ऐसे फैसले ‘‘गुड्डा-गुड्डी का खेल’’ नहीं होते।

बघेल ने यहां संवाददाताओं से कहा था कि वह जालंधर से सांसद चन्नी से जल्द मुलाकात करेंगे। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि चन्नी कांग्रेस की राज्य इकाई का अध्यक्ष नहीं बनाए जाने से नाराज हैं।

राणा गुरजीत के आवास पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान परगट सिंह से कांग्रेस की पंजाब इकाई में जारी घटनाक्रमों को लेकर सवाल पूछे गए।

परगट सिंह ने इस दौरान कहा, ‘‘लोकतंत्र में मतभेद होना कोई गलत बात नहीं है और हमारी राय अलग हो सकती है, लेकिन हमारा साझा लक्ष्य आगामी चुनावों में पार्टी को विजयी बनाना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब को सुशासन की जरूरत है और यह केवल कांग्रेस दे सकती है। पंजाब कांग्रेस में कोई गुट नहीं है। यह सिर्फ विचारों में मतभेद है और हम मिलकर चीजों को सुलझा लेंगे।’’

परगट सिंह ने कहा, ‘‘हम एक टीम हैं और कोई समस्या नहीं है। यह एक सतत प्रक्रिया है। हम बैठेंगे और अपनी राय देंगे। हम बघेल से मिलेंगे।’’

बघेल द्वारा प्रदेश नेतृत्व में किसी बदलाव की संभावना से इनकार किए जाने के बारे में पूछे जाने पर परगट सिंह ने कहा, ‘‘उनकी अपनी राय है, आलाकमान की अपनी राय है लेकिन हमें अपनी बात रखने का अधिकार है। कांग्रेस में आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तरह तानाशाही नहीं है। हमारे यहां व्यवस्था है और आलाकमान को हर बात की जानकारी दी जाती है। हम अपने मतभेदों के बारे में बघेल को अवगत कराएंगे।’’

जालंधर छावनी से विधायक परगट सिंह ने कहा, ‘‘हमारे मुद्दे बहुत छोटे और आंतरिक हैं। बड़ा मुद्दा पंजाब है और हमें उसी पर ध्यान देना है।’’

राणा गुरजीत सिंह से जब पूछा गया कि ‘‘गतिरोध’’ कब टूटेगा, तो उन्होंने कहा, ‘‘कहां है गतिरोध? सब ठीक है।’’

परगट सिंह और रंधावा, दोनों ने कहा कि पंजाब के सामने आज कई ज्वलंत मुद्दे हैं।

रंधावा ने कहा, ‘‘गैंगस्टर जेल से आपराधिक नेटवर्क चला रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।’’

रंधावा ने कहा कि भारत स्थित संगठित अपराध गिरोह के सदस्यों के खिलाफ अमेरिकी संघीय अभियोग-पत्र में लगाए गए गंभीर आरोपों से पंजाब पुलिस के एक निरीक्षक का संबंध सामने आया है।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन