पिछली सरकार की कोई योजना बंद नहीं करेंगे : मुख्यमंत्री
पिछली सरकार की कोई योजना बंद नहीं करेंगे : मुख्यमंत्री
जयपुर, 25 दिसंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सोमवार को कहा कि राज्य में पिछली सरकार की कोई भी योजना बंद नहीं की जायेगी।
शर्मा ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘कांग्रेस के लोग कह रहे हैं कि हमारे काम, हमारी योजनाएं… बंद कर दी जाएंगी। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि कोई भी योजना हम बंद नहीं करेंगे।’’
शर्मा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती ‘सुशासन दिवस’ के अवसर पर पार्टी द्वारा आयोजित एक समारोह में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क दवाएं आगे भी उपलब्ध करायी जाती रहेंगी तथा आवश्यक दवाओं की संख्या भी बढ़ाई जायेगी। शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने गरीब कल्याण के लिए योजनाएं बनाईं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें आगे बढ़ाया।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे। इन नेताओं ने वाजपेयी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी।
जिले के अजयराजपुरा क्षेत्र में एक अन्य कार्यक्रम में शर्मा ने कहा राज्य सरकार की प्रतिबद्धता राजस्थान को जनकल्याण में अग्रणी बनाने की है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का हर फैसला जनकल्याण और प्रदेश की उन्नति को केन्द्र में रखकर लिया जा रहा है। मूलभूत स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना में प्रदेश के प्रत्येक पात्र नागरिक को 25 लाख रूपए तक का स्वास्थ्य बीमा देने की योजना है।
केन्द्र सरकार को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा जा चुका है। साथ ही, निःशुल्क जांच एवं दवाइयों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी तथा अन्य योजनाओं की समीक्षा कर उन्हें सुदृढ़ किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने नागरिकों के लिए चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की थी, जिसके तहत 25 लाख रुपये तक का बीमा कवर दिया जा रहा था।
मुख्यमंत्री ने अब संकेत दिया है कि योजना जारी रहेगी. हालांकि, नाम बदला जा सकता है।
शर्मा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू हुई विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ पंक्ति के अंतिम छोर तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा एवं गरीब कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजली अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत के उनके सपने को साकार करने में कोई कमी नहीं रखेंगे।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कार्य करेगी।
शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय वाजपेयी जी एक बहुमुखी व्यक्तित्व के धनी थे। वे एक कुशल राजनीतिज्ञ, एक प्रखर वक्ता, एक प्रतिभाशाली कवि और एक दूरदर्शी नेता थे। वाजपेयी जी के नेतृत्व में, भारत ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की।
उन्होंने भारत की अंतरराष्ट्रीय स्थिति को मजबूत किया। उन्होंने भारत में शांति और सद्भाव को बढ़ावा दिया, उन्होंने सड़कों के माध्यम से भारत को जोड़ा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत लगे शिविर तथा भारत सरकार की 17 योजनाओं की विभागवार लगी दूकान का निरीक्षण किया एवं लाभार्थियों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित राजकीय कर्मचारियों को प्रदेश में सुशासन के उच्चतम मापदंडों को स्थापित करने के लिए शपथ दिलवाई।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री एक स्थानीय किसान के घर पहुंचे और वहां दोपहर का भोजन किया।उन्हें अन्य चीजों के अलावा बाजरे की रोटी परोसी गई।
भाषा कुंज रंजन
रंजन

Facebook


