राज्यसभा की गरिमा व सदस्यों के अधिकारों की रक्षा करेंगे: उपसभापति हरिवंश का आश्वासन

Ads

राज्यसभा की गरिमा व सदस्यों के अधिकारों की रक्षा करेंगे: उपसभापति हरिवंश का आश्वासन

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 03:13 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 03:13 PM IST

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) राज्यसभा के नवनिर्वाचित उपसभापति हरिवंश ने शुक्रवार को उच्च सदन के सदस्यों को आश्वासन दिया कि वह सदन की गरिमा बनाए रखने, सदस्यों के अधिकारों की रक्षा करने और कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का हरसंभव प्रयास करेंगे।

मनोनीत सदस्य हरिवंश शुक्रवार को राज्यसभा के उपसभापति निर्विरोध चुने गए। पत्रकार से नेता बने हरिवंश का यह तीसरा कार्यकाल है।

नौ अप्रैल को हरिवंश का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उपसभापति का पद रिक्त हो गया था।

राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सदन के नेता जे पी नड्डा और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने हरिवंश को उनके निर्वाचन पर बधाई दी और उनके कार्यकाल के दौरान सफलता की कामना की।

इसके साथ ही विभिन्न दलों के सदस्यों ने भी हरिवंश को उपसभापति के रूप में पुनः निर्वाचित होने पर बधाई दी।

सदस्यों द्वारा अभिनंदन किए जाने के बाद हरिवंश ने कहा, ‘‘मैं सदन को आश्वस्त करना चाहता हूं कि संसदीय नियमों, परंपराओं और संविधान की सीमाओं के भीतर रहते हुए, मैं सदन की गरिमा बनाए रखने, सदस्यों के अधिकारों की रक्षा करने और सदन का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करूंगा।’’

उन्होंने कहा कि संसद में स्वस्थ वैचारिक बहस की गुंजाइश है, लेकिन लोकतंत्र में किसी भी प्रकार की कटुता के लिए कोई स्थान नहीं है।

अभिनंदन के बाद, सभापति राधाकृष्णन ने हरिवंश को सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता करने के लिए आमंत्रित किया।

हरिवंश ने यह कहते हुए सदन की कार्यवाही को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया कि पहली बार जब उन्होंने कार्यभार संभाला था, तब भी यही कार्य किया था।

भाषा अविनाश मनीषा

मनीषा