सहारनपुर, 17 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में रेल पटरी पर एक नाबालिग लड़के का शव बरामद किया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
रेलवे पुलिस के मुताबिक नाबालिग कुश्ती का खिलाड़ी था।
अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
उन्होंने बताया कि नाबालिग के मोबाइल फोन से उसकी शिनाख्त हुई और यह पता चला कि उसका नाम अनंत बडसर (15) है और वह शामली का रहने वाला था।
सहारनपुर जीआरपी थाना प्रभारी हरेन्द्र सिह ने बताया कि अनंत बडसर नौवीं कक्षा का छात्र था और अंडर 15 वर्ग में कुश्ती खिलाडी था।
उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अनंत ने रजत पदक भी जीता था और वह अक्सर शामली और बडौत में कुश्ती का अभ्यास करता था।
सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है कि अनंत पिछले दो दिन से घर से लापता था और मामले की जांच में पता चला कि परिजनों ने किसी बात को लेकर उसे डांट दिया था, जिससे वह दो दिन पूर्व ही घर से निकल गया था।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात को देहरादून-अमृतसर ट्रेन के लोको पायलट ने जीआरपी को रेल पटरी पर एक शव पड़ा होने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस घटना की जांच कर रही है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र