केन्द्र सरकार की योजनाओं का अंतिम छोर तक पहुंचाने का काम करेंगे: बैरवा

Ads

केन्द्र सरकार की योजनाओं का अंतिम छोर तक पहुंचाने का काम करेंगे: बैरवा

  •  
  • Publish Date - December 15, 2023 / 04:30 PM IST,
    Updated On - December 15, 2023 / 04:30 PM IST

जयपुर, 15 दिसंबर (भाषा) राजस्थान के नये उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य की नई सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का काम करेगी।

यहां सचिवालय में उपमुख्यमंत्री का कार्यभार संभालने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में बैरवा ने कहा,‘‘निवर्तमान कांग्रेस सरकार चाहती ही नहीं थी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो काम कर रहे हैं वो जनता तक पहुंचे और मोदी जी का नाम हो.. इसलिये उसने (केंद्र की) योजनाओं को जमीनी स्तर तक जाने ही नहीं दिया।’’

उन्होंने कहा,‘‘हम प्राथमिकता से उन योजनाओं को जमीनी स्तर पर अंतिम छोर तक पहुंचाने का काम करेंगे।’’

पिछली कांग्रेस सरकार की योजनाओं को बंद किए जाने की आशंकाओं के बारे में उन्होंने कहा,‘‘ योजनाओं का तो उन्होंने (कांग्रेस) ने केवल नाम बदला… योजनाएं तो हमारी भारतीय जनता पार्टी की थी।’’

मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर बैरवा ने कहा कि इसका निर्णय मुख्यमंत्री लेंगे।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर दलितों पर अत्याचार कर राजस्थान को बदनाम करने का काम करने का भी आरोप लगाया।

इससे पहले भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल कलराज मिश्र ने दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री पद की भी शपथ दिलाई।

भाषा कुंज पृथ्वी राजकुमार