मंगलुरु, 20 सितंबर (भाषा) दक्षिण कन्नड़ जिले में 28 वर्षीय एक महिला को वैवाहिक विवाद के बाद अपने साढ़े तीन साल के बेटे और अपनी ननद के तीन वर्षीय बेटे को कुएं में फेंकने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना 19 सितंबर की दोपहर को पेरने गांव में हुई। महिला नूरुन्निसा का कथित तौर पर फोन पर हुई बातचीत में अपने पति से झगड़ा हो गया था।
पुलिस ने बताया कि विवाद के बाद नूरुन्निसा ने कथित तौर पर अपने घर के पास स्थित एक कुएं में दोनों बच्चों को फेंक दिया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों बच्चों को कुएं से बाहर निकाला। हालांकि, पुलिस के अनुसार ननद के बेटे की मौत हो गई, जबकि नूरुन्निसा के बेटे को इलाज के लिए मंगलुरु के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में उप्पिनंगडी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उप्पिनंगडी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा गोला दिलीप
दिलीप