नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक घर में कथित रूप से घुसकर महिला को बंधक बनाने के बाद 45 लाख रुपये कीमत के गहने और नकदी लूटने के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उनके मुताबिक, आरोपी यह कह कर घर में दाखिल हुए कि उन्हें महिला के पति ने भेजा है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान पृथ्वी सिंह (24), लक्ष्मीनारायण सिंह (29), रणजीत सिंह (24), रामकेश (23) और रामकरण सिंह (25) के रूप में हुई है और ये सभी राजस्थान के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि एक और आरोपी सुरेंद्र फरार है।
यह घटना 13 अप्रैल को हरगोविंद एन्क्लेव में घटी, जहां तीन आरोपी दक्षिण दिल्ली स्थित 35 वर्षीय शिकायतकर्ता के घर में बहाने से घुसे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर महिला को काबू में कर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, उसके साथ मारपीट की, उसे बाथरूम में बंद कर दिया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
जांच के दौरान, पुलिस ने तकनीकी सूचनाओं का विश्लेषण किया और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से आरोपियों में से एक पृथ्वी सिंह की पहचान की, जो शिकायतकर्ता का रिश्तेदार है और उसके घर के बारे में पहले से जानता था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘अंतरराज्यीय अभियान चलाया गया और 12 घंटे के भीतर राजस्थान के भरतपुर के खेत से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।’
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अलवर बस स्टैंड पर लूटे गए माल को आपस में बांट लिया और अपने साथियों को सौंप दिया।
इसके बाद, पुलिस ने बताया कि रामकरण को चामुंडा माता मंदिर के पास एक वन क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से चोरी के सामान का कुछ हिस्सा बरामद किया गया।
पुलिस ने जंगल और बांध क्षेत्र से फरार आरोपी का हिस्सा भी बरामद किया है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने सोने की चूड़ियां, चेन, अंगूठियां, बालियां, चांदी की पायल और अन्य आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी राजस्थान में चोरी के मामलों में शामिल रहा है।
फरार आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा