नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) दिल्ली में रविवार को गुरु तेग बहादुर (जीबीटी)अस्पताल परिसर से एक महिला ने सात महीने के शिशु का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
आरोपी महिला ने हाल में शिशु की मां से दोस्ती कर ली थी और पीड़िता कुछ देर के लिए अपने बच्चे को उसकी देखरेख में छोड़कर गई थी।
पुलिस ने बताया कि बच्चे की मां नाजरीन (23) सीलमपुर की निवासी है। उसने पुलिस को घटना की सूचना दी जिसके बाद अपहरण का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार लगभग एक सप्ताह पहले सीलमपुर में एक अज्ञात महिला ने नाजरीन से दोस्ती कर ली थी। पुलिस ने बताया कि महिला अक्सर उससे मिलती रहती थी और उसने उसका भरोसा जीत लिया था।
पुलिस ने बताया कि दोनों महिलाएं रविवार को साथ में जीटीबी अस्पताल गईं, जहां नाजरीन कुछ देर के लिए अपने बेटे को आरोपी महिला के पास छोड़कर अस्पताल के अंदर पर्ची बनवाने गई थी। जब नाजरीन लौटी तो उसने पाया कि महिला और उसका बेटा गायब हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के बारे में पीसीआर (पुलिस नियंत्रण कक्ष) पर सूचना मिला जिसके पुलिस ने जांच शुरू की और अपहरण का मामला दर्ज किया।
अधिकारी ने बताया कि लापता बच्चे का पता लगाने और आरोपी महिला को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
भाषा सुरभि
सुरभि