नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) उत्तर पश्चिमी दिल्ली में कार्यस्थल पर जान गंवाने वाली 20 वर्षीय युवती के पिता ने उसे गोली मारने वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी से बार-बार संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बाद में पुलिस ने उन्हें उसकी मौत की जानकारी दी।
पीड़िता ज्योति के पिता ने कहा, ‘मेरी बेटी काम के लिए हर दिन दोपहर में घर से निकलती थी। बुधवार शाम को, जब वह घर नहीं लौटी, तो मैं उसे बार-बार फोन करता रहा, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। बाद में, मुझे पुलिस से फोन आया कि उसे गोली मार दी गई है।’
उन्होंने आरोपी के लिए सख्त सजा की मांग करते हुए कहा, ‘’मैं चाहता हूं कि पुलिस उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।’’
पुलिस ने कहा कि पीड़िता की पहचान आजादपुर निवासी ज्योति के रूप में हुई है, जो केशव पुरम थाना क्षेत्र के शांति नगर में एक आवासीय भवन में देखभालकर्ता के रूप में काम करती थी।
उन्होंने बताया कि बुधवार को हत्या के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष ( पीसीआर) को सूचित किया गया था जिसके बाद पुलिस की एक टीम इमारत में पहुंची और ज्योति को तीसरी मंजिल पर एक कमरे के अंदर खून से लथपथ पाया और उसके सिर पर गोली लगी थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘प्रारंभिक जांच के दौरान, पुलिस ने संदिग्ध की पहचान सौरभ के रूप में की, जो उसी इमारत में रात्रिकालीन देखभालकर्ता के रूप में काम करता था। दोनों के बीच कथित तौर पर प्रेम प्रसंग था।
पुलिस को संदेह है कि निजी मुद्दे पर विवाद के कारण हत्या की गई है। अधिकारी ने बताया कि ज्योति की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से भाग गया और उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश