```php
भुवनेश्वर, चार जुलाई (भाषा) ओडिशा के कटक में शनिवार को एक महिला पुलिस अधिकारी ने अपने सरकारी आवास में कथित रूप से आत्महत्या कर ली। यह जानकारी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
अधिकारी ने बताया कि मृत महिला अधिकारी की पहचान चौलियागंज थाना प्रभारी ब्यूटी मोहंती के रूप में हुई है।
भुवनेश्वर-कटक के पुलिस आयुक्त एस देव दत्त सिंह ने कहा कि आज सुबह ब्यूटी मोहंती अपने सरकारी आवास पर मृत मिलीं और उनका शव पोस्टमॉर्टम के लिए कटक के एससीबी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार रात अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने सरकारी आवास पर लौटी थीं।
सिंह ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार रात घरेलू सहायक ने ब्यूटी मोहंती को रात के भोजन के लिए कई बार बुलाया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया तथा आज सुबह भी वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकलीं और बाद में फंदे से लटकी मिलीं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी के लिए यह बहुत दुखद घटना है। वह शारीरिक और मानसिक रूप से बहुत मजबूत महिला अधिकारी थीं। उन्होंने कभी अपनी परेशानी हमसे साझा नहीं की।’’
सिंह ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह आत्महत्या का मामला है और वजह का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल