पटियाला, 27 मई (भाषा) पंजाब के पटियाला में ‘डीएमडब्ल्यू रेलवे कॉलोनी’ के पास एक नीले रंग के प्लास्टिक के ड्रम के भीतर एक महिला का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान पटियाला की गोपाल कॉलोनी निवासी नेहा (25) के रूप में हुई है।
मृतका के परिजनों ने बुधवार दोपहर ‘अर्बन एस्टेट’ थाना पुलिस से संपर्क किया और सोशल मीडिया पर तस्वीरें देखने के बाद शव की शिनाख्त की।
थाना प्रभारी (एसएचओ) गुरप्रीत सिंह समराव ने बताया कि मंगलवार को 100 लीटर की क्षमता वाले एक प्लास्टिक ड्रम से शव बरामद किया गया थाे जो लाल रंग के कपड़े से ढका हुआ था।
उन्होंने बताया कि पीड़िता के एक हाथ पर ‘नेहा’ और दूसरे हाथ पर दिल के आकार का टैटू बना हुआ था, जिसमें अंग्रेजी के अक्षर ‘एन’ और ‘ए’ लिखे थे। मृतका के चेहरे पर चोट के हल्के निशान भी पाए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस का एक दल तुरंत मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पटियाला के राजकीय राजेंद्र अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।
पुलिस ने स्थानीय स्तर पर दो युवकों को हिरासत में लिया है, जिन्हें अक्सर पीड़िता के साथ देखा जाता था और वे कथित तौर पर मादक पदार्थों के आदी हैं।
जांच अधिकारी फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस हत्याकांड या शव को ठिकाने लगाने में उनकी कोई सीधी भूमिका है या नहीं।
पुलिस ने कहा कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
भाषा सुमित नरेश
नरेश