लाओस की बाढ़ प्रभावित गुफा में फंसे पांच ग्रामीण सुरक्षित मिले, दो अन्य अभी भी लापता : बचावकर्ता

Ads

लाओस की बाढ़ प्रभावित गुफा में फंसे पांच ग्रामीण सुरक्षित मिले, दो अन्य अभी भी लापता : बचावकर्ता

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 07:36 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 07:36 PM IST

बैंकॉक, 27 मई (एपी) मध्य लाओस की बाढ़ प्रभावित गुफा में एक हफ्ते से अधिक समय से फंसे सात ग्रामीणों में से पांच सुरक्षित मिले हैं, जबकि दो अन्य अब भी लापता हैं। बचावकर्मियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

बचाव अभियान में शामिल लाओस और थाईलैंड के बचावकर्मियों के मुताबिक, कुछ ग्रामीण 19 मई को जैसोम्बौन प्रांत की एक गुफा में दाखिल हुए थे, लेकिन भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ ने निकास द्वार को अवरुद्ध कर दिया, जिससे सात लोग अंदर फंस गए।

लाओ बचाव संगठन ‘रेस्क्यू वॉलंटियर फॉर पीपुल’ से जुड़े बौनखाम लुआंगलाथ ने समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि पांच लोग सुरक्षित पाए गए हैं, लेकिन दो अन्य अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।

लुआंगलाथ ने एक ऑडियो संदेश में कहा, “मैं अभी भी कांप रहा हूं। हमारी टीम ने इसे संभव कर दिखाया।”

अभियान में शामिल एक थाई बचाव दल ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें गोताखोरों को पानी से गुजरते और फंसे हुए ग्रामीणों तक पहुंचते देखा जा सकता है। इस वीडियो में ‘हेड-लैंप’ पहने ग्रामीण बाढ़ के पानी से घिरी एक चट्टान पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं।

थाई बचाव दल की ओर से साझा किए गए एक अन्य वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे गुफा के प्रवेश द्वार तक पहुंचने के लिए लगभग चार किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ती है। इसमें दिखाया गया है कि प्रवेश द्वार भी खड़ी ढलान वाला, पथरीला और महज इतना चौड़ा है कि एक बार में केवल एक ही व्यक्ति गुफा में दाखिल हो सके।

गुफा में कितने ग्रामीणों ने प्रवेश किया था, फिलहाल इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, लुआंगलाथ ने कहा कि स्थानीय निवासी सोने की तलाश में अक्सर गुफा में प्रवेश करते हैं, जबकि अधिकारियों ने सुरक्षा चिंताओं के कारण उन्हें गुफा में प्रवेश न करने की बार-बार चेतावनी दी है।

एपी पारुल पवनेश

पवनेश