गुरुग्राम (हरियाणा), छह मई (भाषा) गुरुग्राम के खेड़कीदौला इलाके में 30 वर्षीय एक महिला का शव उसके घर से 100 मीटर दूर मिला और उसपर चाकू के कई घाव थे। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि मृत महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजपुर गांव की निवासी रेखा देवी के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में काम करने वाले अपने पति गौरव के साथ भांगरोला गांव में किराए के मकान में रहती थी।
पुलिस को संदेह है कि इस घटना में उसके पति की संलिप्तता है। उसका पति घटना के बाद से फरार है और उसे ढूंढने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब छह बजे राहगीरों ने शव को देखा और उसे सूचना दी।
उसने बताया कि अपराध विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और ‘क्राइम सीन’ टीम मौके पर पहुंचीं तो उन्होंने महिला के शरीर पर चाकू के कई घाव पाए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया,‘‘मृत महिला के परिजनों को सूचित कर दिया गया है तथा उनके आने पर पोस्टमार्टम किया जाएगा । मामले की जांच चल रही है।’’
भाषा
शुभम राजकुमार
राजकुमार