त्रिपुरा में महिला का अधजला शव मिला, विधायक के साथियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

Ads

त्रिपुरा में महिला का अधजला शव मिला, विधायक के साथियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

  •  
  • Publish Date - September 20, 2025 / 10:30 PM IST,
    Updated On - September 20, 2025 / 10:30 PM IST

अगरतला, 20 सितंबर (भाषा) त्रिपुरा के गोमती जिले में शनिवार को एक महिला का अधजला शव बरामद हुआ जिसके बाद मृत महिला के पति ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय विधायक के सहयोगियों द्वारा मारपीट किए जाने के बाद उसने आत्महत्या कर ली।

यह घटना काकराबन थाना क्षेत्र के मिर्जा इलाके में हुई। मामले के राजनीतिक रंग लेने के बाद पुलिस के एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया और राज्य के वित्त मंत्री प्रणजीत सिंह रॉय ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

उदईपुर की उप मंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) देबांजली रे ने बताया कि महिला का शव सुबह बरामद हुआ।

उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआत में हमने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था। बाद में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया। जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान प्राप्त सूचनाओं के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की अन्य धाराओं को जोड़ा जाएगा।’’

महिला के पति ने आरोप लगाया कि काकराबन-सलगढ़ से भाजपा विधायक जितेंद्र मजूमदार के भतीजे मन्ना मजूमदार सहित तीन लोगों ने शुक्रवार रात उसे और उसकी पत्नी को बुरी तरह पीटा था।

उसने आरोप लगाया, ‘‘इसके बाद हम शिकायत दर्ज कराने थाने गए लेकिन पुलिस ने शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया। हम घर लौटे और हमेशा की तरह अलग-अलग सो गए। सुबह मेरी पत्नी का अधजला शव पास की सड़क पर मिला। मेरी पत्नी की मौत के लिए मन्ना मजूमदार और उसके दो साथी जिम्मेदार हैं।’’

विधायक से इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं मिल सकी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दंपति को इलाके में भाजपा के सदस्यों के रूप में जाना जाता था।

वित्त मंत्री रॉय ने शाम को पीड़िता के घर जाकर परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी, चाहे वे कोई भी हों।’’

पुलिस ने बताया कि लापरवाही बरतने के आरोप में काकराबन थाने के सहायक उपनिरीक्षक संजय सरकार को निलंबित कर दिया गया है।

विपक्षी कांग्रेस ने इस घटना को लेकर पुलिस पर हमला बोला और आरोप लगाया कि वे आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष टाइटन पॉल ने कहा, ‘‘सबसे पहले तो पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की। इससे भी ज्यादा चिंताजनक यह है कि थाने से लौटते समय आरोपी ने दंपति का पीछा किया। ऐसा लगता है कि पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही थी।’’

बाद में कांग्रेस विधायकों सुदीप रॉय बर्मन और विराजित सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित के घर पहुंचा।

बर्मन ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने जिला पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और राज्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 22 सितंबर को होने वाली प्रस्तावित यात्रा से पहले सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

उन्होंने कहा, ‘‘अन्यथा हम इस मामले की शिकायत प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे।’’

इस बीच, विपक्षी माकपा ने अगरतला और उदईपुर में राज्य पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि महिला को जिंदा जलाया गया।

भाषा राखी माधव

माधव