गुवाहाटी, 28 फरवरी (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने शनिवार को आरोप लगाया कि महिलाओं को राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रैलियों में शामिल होने को मजबूर किया जा रहा है।
गोगोई ने शिवसागर जिले के विभिन्न हिस्सों में ‘समय परिवर्तन यात्रा’ के तहत जन सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में सत्ता में आने पर कांग्रेस महिलाओं के लिए अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के मकसद से मौजूदा सामाजिक कल्याण योजनाओं पर ‘‘पुनर्विचार और सुधार’’ करेगी।
उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य के लोग ‘‘डर और धमकाने’’ की राजनीति को खारिज कर कांग्रेस पर भरोसा जताएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो नीतियों पर पुनर्विचार कर उनमें सुधार किया जाएगा और पात्र महिलाओं के पार्टी बैठकों में शामिल हुए बिना उनके बैंक खातों में सीधे लाभ पहुंचाया जाएगा।’’
गोगोई ने कहा, ‘‘राज्य की महिलाएं भाजपा सरकार की धारणा के विपरीत, सिर्फ लाभार्थी बनकर नहीं रहना चाहतीं। वे अब आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं और अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती हैं।’’
राज्य की भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ‘अरुणोदोई’ योजना के तहत पात्र महिलाओं को अन्य लाभों के साथ प्रति माह 1,250 रुपये देती है।
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गोगोई ने कहा कि लोग अब शांतिपूर्ण असम चाहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अब कोई भी मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के मनमाने रवैये से डरता नहीं है। लोग कांग्रेस का खुले दिल से स्वागत कर रहे हैं और अपने समर्थन का आश्वासन दे रहे हैं।’’
उन्होंने यात्रा के इतर संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने गायक जुबिन गर्ग और उनके अंतिम संस्कार स्थल की उपेक्षा की है।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने ‘जुबिन क्षेत्र’ को उचित सम्मान नहीं दिया। मुख्यमंत्री आत्म-प्रचार में व्यस्त हैं। ‘जुबिन क्षेत्र’ का ठीक से रखरखाव नहीं किया गया। इसके विकास के लिए कोई महत्वपूर्ण कदम नहीं उठाया गया।’’
गोगोई ने कहा, ‘‘प्रशंसकों और परिवार के सदस्यों को खुद ही स्थल की सफाई और रखरखाव करना पड़ रहा है। इससे साबित होता है कि सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो सरकार फ्लाईओवर बनाने की बात अक्सर करती है, उसने ‘जुबिन क्षेत्र’ के विकास के लिए कुछ नहीं किया।’’
गोगोई के साथ राज्य के नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया और सांसद प्रद्युत बोरदोलोई समेत अन्य नेता भी थे।
भाषा
सिम्मी पवनेश
पवनेश