गुरुग्राम में एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक दूसरे खड़े ट्रक से टकराया, चालक की जलकर मौत

Ads

गुरुग्राम में एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक दूसरे खड़े ट्रक से टकराया, चालक की जलकर मौत

  •  
  • Publish Date - June 6, 2026 / 11:40 PM IST,
    Updated On - June 6, 2026 / 11:40 PM IST

गुरुग्राम, छह जून (भाषा) कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह उस समय भीषण दुर्घटना में एक ट्रक चालक की जलने से मौत हो गई जब उसका ट्रक सड़क पर पहले से खड़े एक अन्य ट्रक से टकरा गया और उसमें आग लग गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना शनिवार तड़के करीब पांच बजे हुई। उसने बताया कि बिलासपुर की ओर से आ रहे ट्रक के चालक दीपू ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और उसका ट्रक एक्सप्रेसवे के किनारे खड़े एक अन्य ट्रक से जा टकराया। दीपू उत्तर प्रदेश के उन्नाव का रहने वाला था।

पुलिस ने बताया कि टक्कर के बाद दीपू ट्रक के केबिन में फंस गया और तेज आग की लपटों के कारण बाहर नहीं निकल सका तथा जलने से उसकी मौत हो गई।

उसने बताया कि दमकल और पुलिस के दल मौके पर पहुंचे। दोनों ट्रकों में लगी आग पर दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद काबू पा लिया लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने कहा कि आग इतनी भीषण थी कि दीपू का शव बुरी तरह जल गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भिजवाया है और मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है।’’

उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।

भाष सिम्मी संतोष

संतोष