नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-एक में ‘‘हिट-एंड-रन’’ मामले के संबंध में 19 वर्षीय नवयुवक को गिरफ्तार किया गया है जबकि कार की मालकिन उसकी मां के खिलाफ उसे बचाने की कोशिश करने व सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह घटना 31 मार्च को शाम करीब 7:30 बजे ग्रेटर कैलाश-एक में घटी, जब एक तेज रफ्तार कार ने एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पीड़ित की पहचान 41 वर्षीय सुरेंद्र दास के रूप में हुई है। घटना के बाद कार चालक अपनी गाड़ी समेत फरार हो गया था।
जमरुदपुर निवासी दास अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था और पास के ही एक घर में रसोइया का काम करता था।
दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने एक बयान में कहा कि घटना के समय, वह अपने नियोक्ता के कहने पर किराने का सामान खरीदने के लिए बाहर निकला था।
डीसीपी ने कहा, ‘पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध वाहन की पहचान के लिए परिवहन विभाग से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान कई संदिग्ध वाहनों के मालिकों से पूछताछ की गई।’
अधिकारी ने बताया, ‘सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर, पुलिस ने पंजीकरण संख्या के जरिए कार का पता लगाया। बाद में वाहन क्षतिग्रस्त हालत में बरामद किया गया और उसे पुलिस ने जब्त कर लिया।’
जांच के दौरान पता चला कि दुर्घटना के समय कार रूहान चड्ढा चला रहा था, जबकि गाड़ी उसकी मां निहारिका चड्ढा के नाम पर पंजीकृत है।
पूछताछ के दौरान, आरोपी चालक ने स्वीकार किया कि दुर्घटना के बाद वह घबरा गया और घटनास्थल से भाग गया। पुलिस ने बताया कि उसने अधिकारियों को यह भी बताया कि दुर्घटना उसकी लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण हुई।
पुलिस को पता चला कि घटना के बाद वाहन को छिपाने और उसकी मरम्मत कराने की कोशिश की गई थी। इसके बाद, उसकी मां के खिलाफ सबूत नष्ट करने और अपराधी को शरण देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले के संबंध में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश