जयपुर, 27 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के एक गांव में रविवार रात एक युवक की हत्या और उसके बाद हुई आगजनी से तनाव फैल गया। पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि घटना में कई झोपड़ीनुमा मकान, मवेशी और मोटरसाइकिलें जला दी गईं। उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
उन्होंने कहा कि तमटिया गांव, मोटागांव थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद के चलते एक युवक की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई, जिसके बाद दो पक्षों में झड़प और आगजनी हुई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हत्या के बाद पीड़ित पक्ष के लोगों ने आरोपियों के मकानों में आग लगा दी और कई मोटरसाइकिलें भी जला दी गईं। हत्या के मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।
मोटागांव थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि मृतक गोविंद की हत्या रविवार देर रात हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग आरोपियों के मकानों पर हमला करने पहुंचे।
उन्होंने बताया कि उन्होंने 20–25 झोपड़ीनुमा मकान, बाड़े और 3–4 पक्के मकानों को नुकसान पहुंचाया। आग बुझाने के लिए पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया, ‘‘कुछ मवेशी और लगभग दस मोटरसाइकिलें भी जल गईं। करीब 500 लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई थी। आस—पास के थानों और जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।’’
उन्होंने कहा कि इस प्रेम-प्रसंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद था और पहले भी दोनों तरफ से प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी थी।
उन्होंने बताया कि आक्रोशित लोग थाने तक पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस ने बताया कि थाने की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गांव में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए सड़कों पर पुलिस तैनात की गई।
उन्होंने बताया कि मृतक का शव जिला अस्पताल के मुर्दाघर में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने कहा कि आगजनी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने बताया “स्थिति नियंत्रण में है और मामले की आगे जांच की जा रही है।” भाषा बाकोलिया रंजन
रंजन