महराजगंज में विवाद के बाद युवक की गोली मारकर हत्या, हिरासत में तीन लोग

Ads

महराजगंज में विवाद के बाद युवक की गोली मारकर हत्या, हिरासत में तीन लोग

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 03:26 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 03:26 PM IST

महराजगंज (उप्र), 18 सितंबर (भाषा) महराजगंज जिले में समरधीरा गांव में विवाद के बाद एक युवक की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान मधुकरपुर महादेव गांव के निवासी जीशान (20) के रूप में हुई है।

पुलिस ने कहा कि परिजन के अनुसार, जीशान बृहस्पतिवार रात किसी काम से समरधीरा चौराहे पर गया था, जहां दो युवकों से उसकी कहासुनी हो गई।

पुलिस ने बताया कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने तमंचे से उसके सिर में गोली मार दी, जिसकी आवाज सुनकर स्थानीय निवासी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस व परिजन को सूचना दी।

पुलिस जीशान को बनकटी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने दो नामजद संदिग्धों समेत तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद करने का दावा किया है।

पुरंदरपुर के थानाध्यक्ष गौरव राव कनौजिया ने बताया कि युवक की मौत गोली लगने से हुई है।

उन्होंने कहा कि परिजन की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।

भाषा सं आनन्द जोहेब

जोहेब