(तस्वीरों के साथ)
इंदौर (मध्यप्रदेश), 13 जून (भाषा) पश्चिम एशिया संकट के कारण उर्वरकों की कीमतों और आपूर्ति को लेकर बढ़ी वैश्विक चिंताओं के बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को भरोसा दिलाया कि देश के किसानों को सस्ती दरों पर यूरिया और ‘डाई-अमोनियम फॉस्फेट’ (डीएपी) मिलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि खरीफ मौसम के लिए देश में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार है।
चौहान ने यहां ब्रिक्स की पांच दिवसीय बैठक खत्म होने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारी सरकार ने फैसला किया है कि किसानों को सस्ती दरों पर यूरिया और डीएपी मिलता रहेगा। खाद की बढ़ी कीमतों का भार सरकार खुद उठा रही है। इससे सरकारी खजाने पर हजारों करोड़ रुपये का भार आएगा, लेकिन हम यह भार सहन करेंगे।’’
कृषि मंत्री ने कहा,‘‘खरीफ की फसलों के लिए देश में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार है। हमारी सरकार हरसंभव प्रयत्न कर रही है कि रबी की फसलों के लिए भी हमारे पास उर्वरकों का पर्याप्त भंडार हो। मुझे भरोसा है कि हम इन प्रयासों में हर हालत में सफल होंगे।’’
उन्होंने बताया कि ब्रिक्स बैठक में रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के संतुलित उपयोग पर भी चर्चा हुई है।
चौहान ने कहा कि भारत जैविक खेती और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए पहले ही कई परियोजनाएं चला रहा है।
भारत पर अल नीनो का खतरा मंडराने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा,‘‘अल नीनो का प्रभाव भारत और अन्य देशों पर भी पड़ेगा, लेकिन इससे निपटने के लिए हमने अपनी तैयारी कर रखी है। हम इस बारे में अन्य देशों के साथ सूचनाओं के आदान-प्रदान के जरिये आपस में भी सहयोग करेंगे।’’
अल-नीनो मौसम से जुड़ी एक ऐसी घटना है जो ऐतिहासिक रूप से कमजोर मानसून और बारिश में अनिश्चितता से जुड़ी रही है तथा इस साल भी यह चिंता बनी हुई है।
भाषा हर्ष
राजकुमार
राजकुमार