बड़वानी, 13 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के बड़वानी कस्बे में आवारा कुत्तों के हमले में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पोस्टमार्टम पैनल में शामिल एक चिकित्सक ने महिला के शव पर कुत्तों के काटने और नोंचने के निशान मिलने की पुष्टि की है, जबकि घटना से आक्रोशित लोगों ने उसके परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व पार्षद राकेश मकवाने ने संवाददाताओं को बताया कि लीला बाई बकावले (35) शुक्रवार दोपहर अपने घर से राजघाट रोड क्षेत्र में लकड़ियां और कबाड़ इकट्ठा करने गई थी जहां उस पर चार-पांच आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया।
उन्होंने कहा कि कुत्तों के हमले में बुरी तरह घायल महिला की मौत हो गई।
मकवाने के अनुसार बकावले रोजाना लकड़ियां और कबाड़ एकत्र करके अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। उन्होंने कहा कि महिला के परिवार में बीमार पति, बुजुर्ग पिता और एक बच्चा है तथा परिवार मुख्य रूप से उसकी आय पर निर्भर था।
पूर्व पार्षद ने आवारा कुत्तों की समस्या पर आंदोलन की चेतावनी देते हुए प्रशासन से बकावले के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की।
उन्होंने दावा किया कि शहर के चूना भट्टी क्षेत्र में भी कुछ समय पहले एक बुजुर्ग महिला की आवारा कुत्तों के हमले में मौत हो चुकी है।
इस बीच, जिला अस्पताल में चिकित्सकों के तीन सदस्यीय पैनल ने महिला के शव का पोस्टमॉर्टम किया।
पैनल में शामिल डॉ. अनिल सिंह जामोद ने पुष्टि की कि पोस्टमॉर्टम के दौरान महिला के गले, सिर, दोनों हाथों और दोनों पैरों पर कुत्तों के बुरी तरह काटने और नोंचने के निशान मिले हैं।
उन्होंने बताया कि इन गंभीर घावों से ही महिला की मौत होना प्रतीत हो रहा है और विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को भेजी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ला ने कहा कि विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट देखने के बाद ही वह घटना को लेकर कोई टिप्पणी कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से घटना की जांच कर रही है।
भाषा सं. हर्ष नेत्रपाल शोभना
शोभना