ब्रिक्स बैठक : इंदौर की चाट-चौपाटी पहुंचे विदेशी प्रतिनिधि, पारंपरिक व्यंजनों का लुत्फ उठाया

Ads

ब्रिक्स बैठक : इंदौर की चाट-चौपाटी पहुंचे विदेशी प्रतिनिधि, पारंपरिक व्यंजनों का लुत्फ उठाया

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 10:30 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 10:30 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), आठ जून (भाषा) ब्रिक्स के कृषि कार्य समूह की बैठक से पहले इसके सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने सोमवार को इंदौर की एक मशहूर चाट-चौपाटी में पारंपरिक जायकों का लुत्फ उठाया।

भारत के सबसे स्वच्छ शहर की 56 दुकान चाट-चौपाटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विदेशी मेहमानों ने मालवा अंचल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया और देश के शास्त्रीय संगीत का आनंद भी उठाया।

अधिकारियों ने बताया कि ब्राजील, इथियोपिया, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका आदि देशों से ’56 दुकान’ पहुंचे मेहमानों ने पोहा, भुट्टे का कीस, दही बड़ा, कचौरी, पेटिस, साबूदाने की खिचड़ी और शिकंजी जैसे शाकाहारी व्यंजनों का लुत्फ लिया।

विदेशी मेहमानों के आगमन के मद्देनजर 56 दुकान को खासतौर पर सजाया गया था।

भारतीय खाद्य सुरक्षा नियामक (एफएसएसएआई) ने तय पैमानों पर खरा उतरने के कारण ’56 दुकान’ चाट-चौपाटी को ‘क्लीन स्ट्रीट फूड हब’ का दर्जा दे रखा है। इस चाट-चौपाटी में स्वाद के शौकीनों और पर्यटकों का हमेशा जमावड़ा लगा रहता है।

भारत की अध्यक्षता वाले ब्रिक्स के कृषि कार्य समूह की बैठक इंदौर में नौ से 11 जून तक होगी। इसके बाद शहर में ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों की बैठक 12 से 13 जून तक होगी।

ब्रिक्स एक प्रमुख अंतर-सरकारी संगठन है। इसके सदस्य देशों में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया शामिल हैं।

भाषा

हर्ष रवि कांत