सीबीएन ने पुणे में मेफेड्रोन प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया, दो आरोपी गिरफ्तार

सीबीएन ने पुणे में मेफेड्रोन प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया, दो आरोपी गिरफ्तार

सीबीएन ने पुणे में मेफेड्रोन प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया, दो आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: July 13, 2026 / 09:20 pm IST
Published Date: July 13, 2026 9:20 pm IST

इंदौर (मप्र), 13 जुलाई (भाषा) केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्यप्रदेश इकाई ने महाराष्ट्र के पुणे में अवैध तौर पर मेफेड्रोन (एमडी) बनाने वाली एक अत्याधुनिक प्रयोगशाला का भंडाफोड़ करते हुए मादक पदार्थ गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है। एक विज्ञप्ति में सोमवार को यह जानकारी दी।

सीबीएन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह कार्रवाई विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर ‘ऑपरेशन वज्र’ के तहत की गई।

इसमें कहा गया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक को मध्यप्रदेश के उज्जैन और दूसरे को राजस्थान के जोधपुर से पकड़ा गया।

सीबीएन ने बताया कि पुणे के भोसरी क्षेत्र में संचालित अवैध प्रयोगशाला से अत्याधुनिक डिजिटल मशीनरी, प्रयोगशाला उपकरण, कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल होने वाले रसायन, कांच के बर्तन और अन्य सामान जब्त किए गए हैं।

विज्ञप्ति के मुताबिक यह कार्रवाई फरवरी में मध्यप्रदेश के

मंदसौर में एक यात्री बस से 8.17 किलोग्राम मेफेड्रोन बरामद किए जाने के बाद शुरू हुई जांच की अगली कड़ी है।

इसमें कहा गया कि जांच के तहत राज्य के महू क्षेत्र में भी एक अवैध प्रयोगशाला का भंडाफोड़ कर 43.82 किलोग्राम मेफेड्रोन, 261.32 किलोग्राम रसायन और निर्माण उपकरण जब्त किए गए थे।

सीबीएन ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि एक मुख्य साजिशकर्ता फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल करके विभिन्न राज्यों में ठिकाने बदल रहा था।

विज्ञप्ति के मुताबिक गुप्त निगरानी और स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे तीन जुलाई देर रात उज्जैन से गिरफ्तार किया गया।

सीबीएन के अनुसार जांच में पता चला कि गिरोह ने पुणे के भोसरी क्षेत्र में मेफेड्रोन बनाने के लिए एक नयी अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित कर ली थी जिसका संचालन जोधपुर स्थित एक सह-साजिशकर्ता कर रहा था।

विज्ञप्ति में बताया गया कि नौ जुलाई की देर रात पुणे और जोधपुर में समन्वित अभियान के तहत प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया गया और दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

सीबीएन ने बताया कि मेफेड्रोन बनाने की अवैध प्रयोगशाला के सामान को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम 1985 के तहत जब्त किया गया है और विस्तृत जांच जारी है।

भाषा हर्ष खारी

खारी


लेखक के बारे में