मप्र : शाजापुर में सड़क हादसे में पंचायत सचिव की मौत

मप्र : शाजापुर में सड़क हादसे में पंचायत सचिव की मौत

मप्र : शाजापुर में सड़क हादसे में पंचायत सचिव की मौत
Modified Date: July 13, 2026 / 08:55 pm IST
Published Date: July 13, 2026 8:55 pm IST

शाजापुर, 13 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के शुजालपुर में सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में पंचायत सचिव की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर शुजालपुर मंडी थाना क्षेत्र में शासकीय जवाहरलाल नेहरू स्मृति महाविद्यालय के निकट सुबह करीब 10:30 बजे हुई।

शुजालपुर मंडी थाना के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) बी. एल. कुजूर ने बताया कि शुजालपुर जनपद पंचायत में पदस्थ सचिव प्रहलाद सिंह पुरबिया (55) मोटरसाइकिल से घर से कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान जेएनएस कॉलेज के सामने उनकी मोटरसाइकिल सड़क पर खड़े एक आवारा पशु से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर गए।

उन्होंने बताया कि उसी समय वहां से गुजर रहे पानी के टैंकर से जुड़े ट्रैक्टर का पिछला पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

कुजूर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

भाषा

सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत


लेखक के बारे में