कूनो नेशनल पार्क से बाहर निकले चीते को मध्यप्रदेश-राजस्थान सीमा क्षेत्र से बचाया गया

Ads

कूनो नेशनल पार्क से बाहर निकले चीते को मध्यप्रदेश-राजस्थान सीमा क्षेत्र से बचाया गया

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 11:23 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 11:23 PM IST

श्योपुर (मध्यप्रदेश), छह मई (भाषा) मध्यप्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क (केएनपी) से बाहर निकल गए एक नर चीते को बुधवार को राज्य के राजगढ़ जिले और राजस्थान के झालावाड़ के सीमा क्षेत्र से सुरक्षित बचा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के बाद चीते को सुरक्षित रूप से वापस केएनपी लाया गया और दोबारा जंगल में छोड़ दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि ‘केएपी-13’ नामक इस नर चीते को पांच फरवरी 2025 को श्योपुर जिले स्थित केएनपी में खुले जंगल में छोड़ा गया था। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से यह चीता आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया था।

अधिकारी के अनुसार, चीते और स्थानीय आबादी दोनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे पकड़ने का निर्णय लिया गया।

केएनपी प्रबंधन ने इस अभियान में सहयोग और समर्थन के लिए राजस्थान वन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।

चीते 1950 के दशक में भारत में विलुप्त हो गए थे। महत्वाकांक्षी पुनर्स्थापन कार्यक्रम के तहत सितंबर 2022 में नामीबिया से आठ चीतों को केएनपी लाया गया था, जबकि फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते यहां लाए गए। इसके बाद 28 फरवरी 2026 को बोत्सवाना से नौ चीतों का तीसरा जत्था भारत लाया गया था।

भाषा सं दिमो आशीष

आशीष