मप्र में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की फिराक में कांग्रेस : मोहन यादव
मप्र में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की फिराक में कांग्रेस : मोहन यादव
इंदौर, 14 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में कांग्रेस की दो महिला पार्षदों के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ गाने से इनकार को लेकर नाराजगी जताते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि सूबे का प्रमुख विपक्षी दल सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है।
इंदौर नगर निगम के बजट सम्मेलन के दौरान आठ अप्रैल को कांग्रेस की पार्षद फौजिया शेख अलीम ने इस्लामी मान्यताओं का हवाला देते हुए ‘वंदे मातरम्’ गाने से इनकार कर दिया था। निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस में शामिल हुई एक अन्य पार्षद रुबीना इकबाल खान ने भी फौजिया के इस रुख का समर्थन करते हुए राष्ट्रीय गीत गाने से मना कर दिया था।
मुख्यमंत्री यादव ने इंदौर में एक सम्मेलन के दौरान कहा, ‘‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस की महिला नेताओं ने वंदे मातरम् का अपमान किया…भारत माता का अपमान किया, लेकिन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उनका बचाव किया। इसके लिए मैं पटवारी को माफ नहीं करूंगा।’’
यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने गुजरे बरसों में राम जन्मभूमि आंदोलन और मुस्लिमों की ‘तीन तलाक’ प्रथा के सिलसिले में अनुचित बयान देकर दंगे कराने की कोशिश की थी और अब वे ‘वंदे मातरम्’ को लेकर भी ऐसा ही रुख अख्तियार कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘रस्सी जल गई, मगर बल नहीं गया। इस कारण ही कांग्रेस जमीन के अंदर धंसती जा रही है।’’
इस बीच, पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नगर निगम सम्मेलन में ‘वंदे मातरम्’ के विवाद को लेकर मिली शिकायत पर कांग्रेस की दोनों महिला पार्षदों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ पार्षदों के बयान दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि शिकायत पर जांच के बाद उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
भाषा हर्ष खारी
खारी

Facebook


