दौसा बस हादसा : इंदौर की युवती लापता, परिजन ने यात्री बस में सुरक्षा प्रबंधों पर उठाए सवाल

Ads

दौसा बस हादसा : इंदौर की युवती लापता, परिजन ने यात्री बस में सुरक्षा प्रबंधों पर उठाए सवाल

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 03:50 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 03:50 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), एक जुलाई (भाषा) राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के हुई भीषण बस दुर्घटना के पश्चात इंदौर के एक व्यक्ति ने कहा कि हादसे के बाद उसकी 20 वर्षीय रिश्तेदार लापता है।

युवती के परिजन ने यात्री बस में आपातकालीन निकास द्वारों की स्थिति और अन्य सुरक्षा प्रबंधों को लेकर सवाल उठाए तथा इन पहलुओं की जांच की मांग की।

अधिकारियों के मुताबिक दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ऋषिकेश से इंदौर जा रही हंस ट्रेवल्स की बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई जिसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।

उन्होंने बताया कि इस हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई जबकि 24 अन्य घायल हो गए।

इंदौर के निवासी आदित्य भोर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शहर के एक महाविद्यालय में पढ़ने वाली उसकी चचेरी बहन भूमि भोर (20) अपने रिश्तेदारों और मित्रों के साथ उत्तराखंड यात्रा पर गई थी।

उनके मुताबिक वह पिछले सप्ताह उत्तराखंड के ऋषिकेश, हरिद्वार, मसूरी और अन्य स्थानों के भ्रमण पर निकली थी और मंगलवार दोपहर तक परिजन के संपर्क में थी।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद भूमि के बारे में परिजन को स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही।

आदित्य ने कहा, ‘‘राजस्थान के अधिकारियों ने भूमि के पिता का डीएनए नमूना लिया है। हम भूमि के संबंध में आधिकारिक जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि हादसे की जद में आई बस में भूमि के साथ यात्रा कर रहीं दो अन्य युवतियां जीवित हैं, हालांकि उनमें से एक की हड्डी टूट गई है।

भाषा हर्ष जोहेब

जोहेब