दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की जीत पर मुख्यमंत्री यादव ने दी बधाई

Ads

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की जीत पर मुख्यमंत्री यादव ने दी बधाई

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 12:24 AM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 12:24 AM IST

भोपाल, 19 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) के चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जीत पर शनिवार को संगठन को बधाई दी और कहा कि यह इस बात का स्पष्ट उदाहरण है कि ‘‘झूठ की गूंज’’ पूरे देश में फैलाने की कोशिश बेनकाब हो गई है।

यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव में विद्यार्थी परिषद ने प्रचंड जीत हासिल की है। मैं उन्हें इसके लिए बधाई देता हूं। यह इस बात का स्पष्ट उदाहरण है कि ‘झूठ की गूंज’ पूरे देश में फैलाने की कोशिश बेनकाब हो गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली के युवाओं ने जंतर-मंतर पर युवाओं की आड़ में कांग्रेस द्वारा भ्रम फैलाने के प्रयासों का करारा जवाब दिया है। मैं विद्यार्थी परिषद को इस प्रचंड जीत के लिए बधाई देता हूं।’’

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध एबीवीपी ने डूसू के चार केंद्रीय पदों में से तीन पर जीत हासिल की है। निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्हें एनएसयूआई ने टिकट नहीं दिया था।

कांग्रेस समर्थित भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) चारों केंद्रीय पदों में से कोई भी पद हासिल नहीं कर सका। एबीवीपी के उम्मीदवारों ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की।

भाषा दिमो शोभना नेत्रपाल

नेत्रपाल