मप्र के नर्मदापुरम में कार और ट्रैक्टर की भिड़ंत में पांच की मौत, सात घायल

Ads

मप्र के नर्मदापुरम में कार और ट्रैक्टर की भिड़ंत में पांच की मौत, सात घायल

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 10:27 AM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 10:27 AM IST

नर्मदापुरम, 27 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में रविवार देर रात एक कार के ट्रैक्टर से टकरा जाने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना जिले के माखननगर थाना अंतर्गत आंचलखेड़ा के पास उस समय हुई, जब एक आदिवासी परिवार की बारात रात को ग्राम माना सीहोर जिले के बुधनी से माखननगर के गांव महेन्द्रबाडी लौट रही थी।

माखननगर थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने बताया कि बारात की एक टवेरा कार सोयाबीन ले जा रहे ट्रैक्टर से टकरा गई।

उन्होंने कहा कि इस घटना में टवेरा चालक सहित पांच लोगों की मृत्यु हो गई तथा सात बाराती घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान साहिल यादव (19), हरि सिंह यादव (57), विनीत यादव (22), शुभम मोरप्पा (18) और संतोष प्रजापति (45) के रूप में हुई है। सभी मृतक महेन्द्रबाडी के रहने वाले हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं ब्रजेन्द्र अविनाश

अविनाश