इंदौर (मध्यप्रदेश), 30 जून (भाषा) हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या के मामले की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत बरकरार रखने को लेकर मेघालय उच्च न्यायालय के फैसले के अगले दिन मृतक के एक परिजन ने मंगलवार को कहा कि उनका परिवार जमानत रद्द किए जाने की गुहार के साथ उच्चतम न्यायालय का रुख करेगा।
उच्च न्यायालय ने सोमवार (29 जून) को राज्य सरकार की वह याचिका खारिज कर दी जिसमें सोनम को निचली अदालत द्वारा 27 अप्रैल को दी गई जमानत रद्द करने का अनुरोध किया गया था।
राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने इंदौर में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,‘‘हम सोनम की जमानत रद्द कराने के लिए उच्चतम न्यायालय में अपील करेंगे और जल्द ही याचिका दायर करने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।’’
उन्होंने अभियोजन की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए कहा कि उनका परिवार इंसाफ के लिए अपने स्तर पर कानूनी लड़ाई लड़ेगा और निजी वकील की सेवाएं लेगा।
विपिन ने कहा कि वह अब तक समझ नहीं पा रहे हैं कि मेघालय पुलिस सोनम को गिरफ्तार करते वक्त उसे गिरफ्तारी का कारण बताने में ऐसी कानूनी चूक कैसे कर सकती है?
मेघालय उच्च न्यायालय ने सोमवार के आदेश में सोनम को उसकी गिरफ्तारी के आधार बताने की प्रक्रिया में पुलिस की गंभीर त्रुटियों का उल्लेख किया था।
उच्च न्यायालय ने कहा था,‘‘अदालत इस नतीजे पर पहुंची है कि गिरफ्तार व्यक्ति के पास यह कहने के लिए मजबूत आधार है कि गिरफ्तारी के शुरुआती चरण में उसे (गिरफ्तारी के) प्रभावी आधार नहीं बताए गए थे। इसलिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 47(1) के साथ भारतीय संविधान के अनुच्छेद 22(1) के प्रावधानों का वास्तव में उल्लंघन हुआ है।’’
भारतीय संविधान का अनुच्छेद 22(1) गिरफ्तार व्यक्ति को उसकी गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी पाने और अपनी पसंद के वकील से सलाह लेने का अधिकार देता है, जबकि बीएनएसएस की धारा 47(1) के तहत पुलिस को गिरफ्तारी के समय आरोपी को उसके खिलाफ आरोपों और गिरफ्तारी के आधारों की सूचना देनी होती है।
अधिकारियों ने बताया कि अपने पति राजा रघुवंशी की साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में सोनम को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से नौ जून 2025 को गिरफ्तार किया गया था।
वह जमानत मिलने से पहले 10 महीने से अधिक समय तक शिलांग के जिला कारागार में न्यायिक हिरासत में बंद रही।
राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है।
उनकी सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और नवविवाहित जोड़ा 20 मई को हनीमून के लिए मेघालय रवाना हुआ था।
हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हुए राजा रघुवंशी का शव दो जून को ईस्ट खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (चेरापूंजी) में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला था।
राजा रघुवंशी हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम के साथ ही उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और उसके तीन दोस्तों को भी गिरफ्तार किया गया था।
भाषा हर्ष रवि कांत जितेंद्र
जितेंद्र