Indore Pepsi Factory Raid/Image- AI Generated
Indore Pepsi Factory Raid: इंदौर में बच्चों की सेहत खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है, यहां खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजाराम नगर स्थित डायमंड पेप्सी फैक्ट्री पर छापा मारा। जांच के दौरान सामने आया कि यहां मैंगो, ऑरेंज, काला खट्टा समेत कई फ्लेवर की आइस लॉली तैयार की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान विभाग ने करीब 300 लीटर आइस लॉली जब्त की। जांच में सामने आया कि निर्माण में बोरिंग के पानी और सैकरीन का इस्तेमाल किया जा रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक बच्चों के सेवन के लिए सैकरीन नुकसानदायक माना जाता है, जिसके चलते विभाग ने मौके पर ही निर्माण कार्य बंद करा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फैक्ट्री से मैंगो आइस लॉली, ऑरेंज आइस लॉली और सैकरीन के सैंपल लिए हैं। इसके अलावा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से भी 14 खाद्य नमूने एकत्र किए गए हैं। सभी सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।विभाग का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।