इंदौर (मप्र), सात जनवरी (भाषा) पुलिस-प्रशासन को हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब के इंदौर स्थित वाणिज्यिक प्रतिष्ठान 48 घंटे के भीतर बंद कराने का ‘‘अल्टीमेटम’’ देते हुए स्थानीय भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने शहर में हबीब के प्रतिष्ठान नहीं चलने देने का संकल्प लिया है।
विजयवर्गीय ने हबीब के उस वीडियो के विरोध में यह बात कही, जिसमें वह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान एक महिला के बाल संवारते वक्त उसके बालों पर कथित रूप से थूकते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
विधायक ने ट्विटर पर वीडियो जारी कर कहा, ‘‘यह वीडियो पुलिस और प्रशासन के सभी जिम्मेदार अधिकारियों के लिए है। वे इंदौर में 48 घंटे के भीतर हबीब के सलून और प्रशिक्षण केंद्र बंद कराएं, वरना हम इनके संचालन के खिलाफ आंदोलन करेंगे।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ने कहा कि वह हबीब द्वारा एक महिला के बाल संवारे जाने के दौरान उसके बालों पर थूकने के कृत्य का ‘‘दिल की गहराइयों से’’ विरोध करते हैं। विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘हमने संकल्प लिया है कि हम इंदौर में हबीब के वाणिज्यिक प्रतिष्ठान नहीं चलने देंगे।’’
आकाश विजयवर्गीय, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे हैं और नवंबर 2018 का पिछला विधानसभा चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने थे।
गौरतलब है कि आकाश ने इंदौर के गंजी कम्पाउंड क्षेत्र में एक जर्जर मकान को ढहाने की मुहिम के विरोध में 26 जून 2019 को नगर निगम के एक भवन निरीक्षक को क्रिकेट के बल्ले से कथित तौर पर पीट दिया था। यह घटना कैमरे में कैद हो गई थी।
इस बीच, इंदौर के एक अन्य भाजपा नेता सुमित मिश्रा ने हबीब के थूकने वाले वीडियो पर तीखी आपत्ति जताते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। मिश्रा ने कहा,‘‘बड़ी हैरानी की बात है कि हबीब खुद को भाजपा का सदस्य बताता है। मैंने पत्र में नड्डा से मांग की है कि इस व्यक्ति को पार्टी से तत्काल बाहर निकाला जाए।’’
भाषा हर्ष नेत्रपाल
नेत्रपाल