Jabalpur IPS Simala Prasad: नक्सल इलाके में अपराधियों का खौफ और फिल्मों में दमदार किरदार… महिला दिवस पर जानिए उस लेडी सुपरकॉप की कहानी, जिसे सब कहते हैं ‘ऑलराउंडर’ मैडम

Ads

Jabalpur IPS Simala Prasad: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आईबीसी-24 ने मध्य प्रदेश की लेडी सुपरकॉप आईपीएस सिमाला प्रसाद से ख़ास मुलाकात की। इस बातचीत में उनके जीवन, संघर्ष, पुलिसिंग और एक्टिंग करियर से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं को सामने लाया गया।

ips simala/ image source: IBC24

HIGHLIGHTS
  • अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ख़ास मुलाकात
  • आईपीएस सिमाला प्रसाद का प्रेरक सफर
  • पुलिसिंग और एक्टिंग में बहुआयामी प्रतिभा

Jabalpur IPS Simala Prasad: जबलपुर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आईबीसी-24 ने मध्य प्रदेश की लेडी सुपरकॉप आईपीएस सिमाला प्रसाद से ख़ास मुलाकात की। इस बातचीत में उनके जीवन, संघर्ष, पुलिसिंग और एक्टिंग करियर से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं को सामने लाया गया। सिमाला प्रसाद का जन्म 8 अक्टूबर 1980 को भोपाल, मध्य प्रदेश में हुआ। उनके पिता डॉ. भागीरथ प्रसाद पूर्व IAS ऑफिसर, यूनिवर्सिटी के वीसी और सांसद रह चुके हैं। उनकी मां मेहरुन्निसा परवेज़ हिंदी की प्रसिद्ध लेखिका हैं और उन्हें भारत सरकार ने पद्मश्री अवॉर्ड 2005 में सम्मानित किया। पिता की पोस्टिंग के कारण सिमाला को बार-बार स्कूल बदलना पड़ा, लेकिन उन्होंने पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

Simala Prasad IPS Biography: शिक्षा और प्रारंभिक रुचियाँ

सिमाला प्रसाद को बचपन से ही डांस और एक्टिंग का शौक था। उन्होंने कॉमर्स में ग्रेजुएशन और बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी से सोशियोलॉजी में मास्टर डिग्री प्राप्त की। स्कूल और कॉलेज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उन्होंने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कॉलेज के बाद सिमाला ने मध्य प्रदेश पब्लिक सर्विस परीक्षा की तैयारी शुरू की और डीएसपी बनीं। डीएसपी पद पर रहते हुए उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की और 2010 में पहले प्रयास में ऑल इंडिया रैंक-51 लाकर आईपीएस अधिकारी बनीं। सिमाला ने यह मुकाम सेल्फ-स्टडी और दृढ़ संकल्प से हासिल किया।

Lady Singham MP Police Officer: लेडी सिंघम की पहचान

मध्य प्रदेश के डिंडौरी में नक्सल प्रभावित इलाके में तैनाती के दौरान सिमाला प्रसाद ने अपनी कड़क छवि बनाई और अपराधियों में डर का माहौल पैदा किया। उन्हें लोग लेडी सिंघम भी कहते हैं। सिमाला न केवल आईपीएस हैं बल्कि एक प्रतिभाशाली एक्ट्रेस भी हैं। दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान डायरेक्टर जैगम इमाम ने उन्हें फिल्मों के लिए चुना। उन्होंने 2017 में अलीफ और 2019 में नक्काश़ा में अभिनय किया। तीसरी फिल्म नर्मदा फाईल्स जल्द रिलीज होने वाली है, जिसमें उन्होंने नाबालिग बेटियों के लिए न्याय दिलाने का किरदार निभाया है।

Lady Singham MP police officerलेखिका के रूप में काम-‘शी गोज़ मिसिंग’

सिमाला प्रसाद ने शी गोज़ मिसिंग नामक किताब लिखी, जिसमें भारत में लड़कियों के लापता होने के मामलों का गहन विश्लेषण है। इस किताब में उन्होंने असली केस स्टडी, कानूनी जानकारियाँ और फील्ड अनुभवों के आधार पर हर FIR और गुमशुदा व्यक्ति की रिपोर्ट के पीछे की सच्चाई सामने रखी है। करीब 15 साल से अधिक अनुभव के साथ सिमाला प्रसाद ने पुलिसिंग, सोशल इंटरवेंशन और फील्ड इन्वेस्टिगेशन में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने संवेदनशीलता के साथ कानून और सुरक्षा व्यवस्था को लागू करते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।

इन्हें भी पढ़ें :-

सिमाला प्रसाद कौन हैं?

मध्य प्रदेश की प्रसिद्ध आईपीएस अधिकारी।

उन्होंने कौन-कौन सी फिल्में की?

अलीफ, नक्काश़ा और नर्मदा फाइल्स।

उनकी किताब का नाम क्या है?

'शी गोज़ मिसिंग'।