इंदौर, सात मई (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में बृहस्पतिवार को लावारिस हालत में मिले तीन संदिग्ध बैगों से 500 रुपये के नोट जैसे आकार वाली 566 गड्डियां बरामद की गईं और जांच के दौरान इनमें से केवल 84 नोट असली पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि सांवेर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि इंदौर-उज्जैन राजमार्ग पर उसके खेत के पास तीन संदिग्ध बैग पड़े हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग खोले, तो उनमें कुल 566 गड्डियां मिलीं जो 500 रुपये के नोट के आकार की थीं। इनमें से अधिकांश गड्डियों में ऊपर और नीचे 500-500 रुपये के नोट लगे थे, जबकि बीच में सादा कागज रखा गया था।
विज्ञप्ति के मुताबिक 133 गड्डियां ऐसी थीं जिनमें केवल सादा कागज था, लेकिन उनके किनारों पर 500 रुपये के नोट जैसा रंग लगाया गया था। जांच के दौरान 566 गड्डियों में 500 रुपये के कुल 84 असली नोट मिले जिनकी कुल कीमत 42,000 रुपये है।
सांवेर पुलिस मामले की जांच कर रही है और उसे संदेह है कि ये गड्डियां किसी धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए तैयार की गई थीं।
भाषा हर्ष आशीष
आशीष