प्रधानमंत्री आवास के निकट कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के खिलाफ मध्यप्रदेश भाजपा ने निकाला मार्च
प्रधानमंत्री आवास के निकट कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के खिलाफ मध्यप्रदेश भाजपा ने निकाला मार्च
भोपाल, 22 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के निकट कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के धरने के खिलाफ बुधवार को यहां मार्च निकाला और आरोप लगाया कि देश में लंबे समय तक राज करने वाली पार्टी आज लोकतांत्रिक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय ‘प्रायोजित अराजकता’ की राजनीति कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में निकाला गया यह विरोध मार्च रेडक्रॉस अस्पताल से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के लिए प्रस्तावित था लेकिन इसे थोड़ी देर बाद ही समाप्त कर दिया गया।
भाजपा के इस मार्च के मद्देनजर पूरे रास्ते और प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में गुलाब के फूल लिए भाजपा नेताओं के स्वागत में खड़े दिखाई दिए।
मार्च के दौरान खंडेलवाल ने पत्रकारों से कहा कि उनका यह प्रदर्शन लोकतांत्रिक है जिसका मकसद कांग्रेस को आगाह करना है।
बाद में जारी एक बयान में खंडेलवाल ने कहा, ‘कांग्रेस लोकतांत्रिक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय प्रायोजित अराजकता की राजनीति कर रही है। लोकतांत्रिक संस्थाओं के बारे में असंतोष फैलाना, विदेश में भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करना राहुल गांधी और कांग्रेस की आदत बन चुकी है।’
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सत्ता की लोलुपता में देश के सम्मान और राष्ट्रहित को भी दांव पर लगाने से नहीं चूकते।
खंडेलवाल ने कहा, ‘भाजपा राष्ट्रहित, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रहेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार युवाओं के हितों के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।’
कांग्रेस मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ आवाज उठाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया जबकि भाजपा का कांग्रेस कार्यालय घेराव का उद्देश्य स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा का यह मार्च पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के समर्थन में है।
भाषा ब्रजेन्द्र जोहेब
जोहेब

Facebook


