मप्र: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्तेदार की सड़क हादसे में मौत, मिनी बस का चालक हिरासत में

मप्र: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्तेदार की सड़क हादसे में मौत, मिनी बस का चालक हिरासत में

मप्र: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्तेदार की सड़क हादसे में मौत, मिनी बस का चालक हिरासत में
Modified Date: June 13, 2026 / 12:34 am IST
Published Date: June 13, 2026 12:34 am IST

इंदौर, 12 जून (भाषा) केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के एक रिश्तेदार की मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई और पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे मिनी बस के चालक को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

देवास जिले की सोनकच्छ सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राजेश सोनकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रक्षा मंत्री के रिश्तेदार प्रभात सिंह (29) भोपाल से इंदौर की ओर यात्रा कर रहे थे।

सोनकर के अनुसार बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे क्षिप्रा थाना क्षेत्र में प्रभात अपने वाहन से उतरकर सड़क किनारे रुके थे और वापस गाड़ी में बैठने के दौरान तेज रफ्तार मिनी बस ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद प्रभात के शव को एक नियमित उड़ान से पहले दिल्ली ले जाया गया और बाद में उनके गृह राज्य उत्तर प्रदेश ले गए।

भाजपा विधायक ने कहा, ‘‘प्रभात, रक्षा मंत्री के रिश्तेदार थे। लेकिन उनसे उनका विशिष्ट संबंध तुरंत पता नहीं चल सका है।’’

क्षिप्रा थाना प्रभारी कैलाश सोलंकी ने बताया कि सड़क हादसे में प्रभात की मौत के मामले में मिनी बस को जब्त किया गया है और उसके चालक राजू को हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा हर्ष खारी

खारी


लेखक के बारे में