मप्र : छात्रावास में ‘शराब पार्टी’ के दौरान इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने मचाया उत्पात
मप्र : छात्रावास में ‘शराब पार्टी’ के दौरान इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने मचाया उत्पात
इंदौर (मध्यप्रदेश), 17 मई (भाषा) इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के एक छात्रावास में इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने अपनी पढ़ाई पूरी होने के जश्न में आयोजित कथित शराब पार्टी के दौरान रविवार तड़के अर्धनग्न अवस्था में जमकर उत्पात मचाया और तोड़-फोड़ की। विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
डीएवीवी के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) के रामानुजन छात्रावास की इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गए हैं। इनमें से एक वीडियो में अर्धनग्न विद्यार्थी पंजाबी गाने ‘दारू बदनाम करदी’ पर नाचते नजर आ रहे हैं, जबकि एक अन्य वीडियो में छात्रावास की प्लास्टिक की टेबल-कुर्सियां और पानी की टंकी तोड़ते नजर आ रहे हैं।
विद्यार्थियों के उत्पात के बाद छात्रावास की कुछ खिड़कियों के कांच भी टूटे पाए गए हैं।
आईईटी के निदेशक डॉ. प्रतोष बंसल ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘हमें वीडियो के जरिये विद्यार्थियों के उत्पात की जानकारी मिली है। ये बी. टेक. पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष के विद्यार्थी हैं जिनकी पढ़ाई इस साल पूरी हो चुकी है।’
बंसल के मुताबिक विद्यार्थियों ने कथित तौर पर शराब पीने के बाद छात्रावास में उत्पात मचाया।
उन्होंने कहा कि 150 विद्यार्थियों वाले छात्रावास की इस घटना की जांच अनुशासन समिति को सौंपी जा रही है।
बंसल ने कहा, ‘‘हम घटना में शामिल विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम रोकेंगे और सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई के लिए उन पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। उनके माता-पिता को भी बुलाया जाएगा।’’
निदेशक ने कहा कि जिन इंजीनियरिंग विद्यार्थियों का प्लेसमेंट हो चुका है, उनके नियोक्ताओं को सूचित किया जाएगा कि वे अनुचित गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
भाषा
हर्ष रवि कांत

Facebook


