इंदौर (मध्यप्रदेश), 11 मई (भाषा) इंदौर में एक रिहायशी इलाके में निजी ट्रेवल्स के डिपो में खड़ी तीन खाली यात्री बसों में सोमवार को कथित तौर पर धमाकों के साथ आग लग गई और इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
आजाद नगर पुलिस थाने के प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया ने बताया कि मूसाखेड़ी क्षेत्र में पवनपुरी कॉलोनी के पास एक मैदान में निजी ट्रेवल्स के डिपो में खड़ी तीन खाली यात्री बसें और छह मोटरसाइकिल इस अग्निकांड में पूरी तरह जल गईं।
भदौरिया ने बताया,‘‘अग्निशमन दस्ते ने आग पर काबू पा लिया है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।’’
पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने संदेह जताया कि बसों में जान-बूझकर आग लगाई गई।
घटनास्थल से सटे रिहायशी क्षेत्र के निवासियों ने कहा कि खाली यात्री बसों में कथित तौर पर धमाकों के साथ आग लगी जिससे घबराकर आस-पास के घरों के लोग बाहर निकल आए।
इन लोगों ने अग्निकांड पर आक्रोश जताते हुए कहा कि एक बार पहले भी आग लगने के बावजूद यात्री बसों को रिहायशी क्षेत्र में खड़ा किया जा रहा है जिससे निवासियों के लिए जान-माल का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय पार्षद मनीष शर्मा ने बस डिपो को हटाने की मांग को लेकर धरना दिया। उन्होंने कहा, ‘‘पिछली बार इस जगह चार बसों में आग लगी थी। घटनास्थल के पास 50,000 परिवारों की बस्ती है। हमारी मांग है कि बस डिपो को इस जगह से तुरंत हटाया जाना चाहिए।’’
भाषा हर्ष मनीषा
मनीषा