मुंबई, 27 अगस्त (भाषा) घरेलू शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को कारोबार के अंतिम घंटे में बिकवाली से गिरावट रही। दोनों मानक सूचकांक में… बीएसई सेंसेक्स 539 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी 117 अंक नीचे आया।
कारोबारियों के अनुसार, एचडीएफसी बैंक समेत अन्य प्रमुख कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के साथ वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बने रहने से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई।
वायदा एवं विकल्प खंड में मासिक सौदों की समाप्ति के दिन 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 539.35 अंक यानी 0.70 प्रतिशत टूटकर दिन के निचले स्तर 76,933.59 अंक पर बंद हुआ।
इसी तरह, 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 116.90 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,090.85 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक और आईटीसी प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टेक महिंद्रा और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.67 प्रतिशत बढ़कर 88.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘सौदों (वायदा एवं विकल्प खंड में) की समाप्ति के कारण उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में कूटनीतिक समाधान की दिशा में प्रगति नहीं होने से बाजार सीमित दायरे में बना हुआ है।’’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में ज्यादातर में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार बुधवार को नुकसान के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 502.63 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स बुधवार को 183.15 अंक प्रतिशत टूटकर 77,472.94 अंक और निफ्टी 126.80 अंक की गिरावट के साथ 24,207.75 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा रमण अजय
अजय