इंदौर, 23 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में एक व्यक्ति को अपनी 30 वर्षीय पत्नी के साथ अमानवीय बर्ताव करने और नग्न अवस्था में उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) उमाकांत चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जिले के एक गांव में आरोपी ने मंगलवार 21 अप्रैल को अपनी पत्नी का नग्न अवस्था में वीडियो बनाया और इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला के मायके पक्ष की शिकायत पर मानपुर थाने में उसके पति, सास और पति की दूसरी पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
चौधरी ने बताया, ‘‘पुलिस ने पीड़ित महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के दौरान आरोपियों ने महिला के सिर के बाल काट दिए और उसका यौन उत्पीड़न भी किया।’’
उन्होंने बताया कि आरोपी की दूसरी शादी के बाद से पहली पत्नी के साथ उसकी पारिवारिक कलह चल रही थी।
डीएसपी ने बताया कि पीड़ित महिला की मेडिकल जांच कराई गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा हर्ष मनीषा
मनीषा