मप्र: राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने के बाद दुर्घटना स्थल पर जा रही रेलवे की वैन पलटी, पांच लोग घायल
मप्र: राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने के बाद दुर्घटना स्थल पर जा रही रेलवे की वैन पलटी, पांच लोग घायल
(तस्वीरों सहित)
रतलाम (मप्र), 17 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने के बाद घटनास्थल पर जा रही आवश्यक उपकरणों से लदी एक वैन के पलट जाने से पांच रेलकर्मी घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब उपरिगामी उपस्कर (ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन) की मरम्मत के लिए आवश्यक उपकरणों को लेकर एक वैन रतलाम के श्यामनगर से आलोट जा रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि घायल कर्मचारियों में से एक की हालत गंभीर है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया और बाद में एंबुलेंस से राजस्थान के कोटा रेफर कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि सड़क के बीच में एक गाय के आ जाने से यह हादसा हुआ।
इससे पहले, रतलाम जिले में सुबह राजधानी एक्सप्रेस के एक वातानुकूलित (एसी) डिब्बे में आग लग गई।
उन्होंने बताया कि इस डिब्बे में 68 यात्री सवार थे और आग लगने के 15 मिनट के भीतर डिब्बे को खाली करा लिया गया।
उन्होंने बताया कि किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
श्रीवास्तव ने बताया कि तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के बी-1 डिब्बे में सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर आग लगी।
उन्होंने कहा कि ट्रेन तड़के तीन बजकर 55 मिनट पर रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी।
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आग लगने की यह घटना कोटा मंडल के क्षेत्राधिकारी में विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरीछा स्टेशन के बीच हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रभावित कोच से सभी यात्रियों को 15 मिनट में उतार दिया गया। आग से बी-1 कोच के पीछे वाले डिब्बे ‘लगेज-कम-गार्ड वैन’ (एसएलआर) को भी नुकसान पहुंचा है।
रेलवे अधिकारियों ने तुरंत उपरिगामी उपस्कर की आपूर्ति बंद कर दी और आग पर काबू पा लिया गया।
श्रीवास्तव ने बताया कि प्रभावित ‘गार्ड वैन’ और एसी डिब्बे को अलग कर दिया गया तथा ट्रेन सुबह नौ बजकर 48 मिनट पर आगे की यात्रा के लिए रवाना हुई।
उन्होंने बताया कि यात्रियों को राजस्थान के कोटा तक की यात्रा के लिए दूसरे डिब्बे में बैठाने की व्यवस्था की गई है।
अधिकारी ने बताया कि ट्रेन के कोटा स्टेशन पर निर्धारित समय सुबह छह बजकर 45 मिनट के बजाय दोपहर एक बजे तक पहुंचने की संभावना है जहां एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा ताकि सभी यात्री सुविधाजनक तरीके से सफर कर सकें।
इस घटना के कारण दिल्ली-मुंबई मार्ग पर रेल यातायात बाधित हो गया।
घटनास्थल पर मौजूद कोटा मंडल के अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक ललित कुमार धुरंधर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया कि इस घटना के कारण आठ से 10 यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
उन्होंने कहा, ‘‘उपरिगामी उपस्कर की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी है।’’
भाषा सं ब्रजेन्द्र
खारी
खारी

Facebook


