नक्सलवाद के खात्मे की तर्ज पर नशे के खिलाफ मुहिम चला रही मप्र सरकार : मोहन यादव

Ads

नक्सलवाद के खात्मे की तर्ज पर नशे के खिलाफ मुहिम चला रही मप्र सरकार : मोहन यादव

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 07:03 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 07:03 PM IST

इंदौर, आठ अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि जिस तरह राज्य सरकार ने नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में सफलता हासिल की है, उसी तर्ज पर युवाओं को नशे से बचाने और मादक पदार्थों के सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए पूरी ताकत से अभियान चलाया जा रहा है।

यादव ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 तक देश को मादक पदार्थों से मुक्त करने का लक्ष्य तय किया है और इसके मुताबिक राज्य सरकार आस-पास के सात राज्यों के साथ मिलकर सभी प्रकार के नशे के खिलाफ मजबूती से मुहिम चला रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पुलिस ने मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े कई सिंडिकेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और इनके सदस्यों को लगातार गिरफ्तार किया जा रहा है।

यादव ने कहा,‘‘नक्सलवाद के खिलाफ हमारी सरकार ने सफलता पाई है। युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े सिंडिकेट के खिलाफ भी पुलिस पूरी ताकत के साथ काम कर रही है।’’

मध्यप्रदेश सरकार ने 11 दिसंबर 2025 को राज्य को नक्सल मुक्त घोषित किया था।

यह घोषणा बालाघाट जिले में सक्रिय नक्सलियों के आत्मसमर्पण के बाद की गई थी।

भाषा हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र