मप्र : अवैध पिस्तौल बनाने के कारखाने का खुलासा, राजस्थान तक आपूर्ति का संदेह
मप्र : अवैध पिस्तौल बनाने के कारखाने का खुलासा, राजस्थान तक आपूर्ति का संदेह
नीमच, 21 मई (भाषा) राजस्थान की सीमा से सटे मध्यप्रदेश के नीमच जिले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को अवैध पिस्तौल बनाने के कारखाने का खुलासा करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि कारखाने में तैयार किए जा रहे देशी हथियारों की आपूर्ति मध्यप्रदेश के साथ ही पड़ोसी राजस्थान तक की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने संवाददाताओं को बताया कि मुखबिर की सूचना पर मनासा पुलिस ने आंतरीमाता गांव के निवासी दुर्गाशंकर सुतार को पकड़ा और उसके कब्जे से एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
उन्होंने कहा, ‘पूछताछ में सुतार ने पुलिस को बताया कि उसने यह हथियार उसके गांव के ही नानालाल सिकलीगर से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दो और देशी पिस्तौल बरामद कीं।’
व्यास के मुताबिक पुलिस ने नानालाल के घर दबिश दी जहां अवैध हथियार बनाने का कारखाना संचालित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि नानालाल मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके से ग्राइंडर मशीन, लेथ मशीन, वेल्डिंग मशीन, पिस्तौल की नाल और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य कलपुर्जे व उपकरण जब्त किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में अवैध हथियारों की आपूर्ति पड़ोसी राजस्थान तक किए जाने का संदेह है और इस सिलसिले में विस्तृत छानबीन जारी है।
भाषा
सं, हर्ष रवि कांत

Facebook


