मप्र: पानी, भोजन की ‘खराब’ गुणवत्ता को लेकर छात्रों ने वीआईटी परिसर में की तोड़फोड़

Ads

मप्र: पानी, भोजन की 'खराब' गुणवत्ता को लेकर छात्रों ने वीआईटी परिसर में की तोड़फोड़

  •  
  • Publish Date - November 26, 2025 / 01:57 PM IST,
    Updated On - November 26, 2025 / 01:57 PM IST

सीहोर (मध्यप्रदेश), 26 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में वेल्लोर प्रौद्योगिकी संस्थान (वीआईटी) के छात्रों ने भोजन और पानी की कथित खराब गुणवत्ता को लेकर हिंसक प्रदर्शन किया, कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ की और वाहनों में आग लगा दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार देर रात आगजनी के दौरान एक बस, चार पहिया दो वाहन, एक एम्बुलेंस, छात्रावास की खिड़की के शीशे, एक आरओ प्लांट और परिसर के अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि करीब 3,000 से 4,000 छात्रों ने भोजन और पानी की गुणवत्ता को लेकर प्रदर्शन किया।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस अनुमंडल अधिकारी (आष्टा) और कई पुलिस थानों के पुलिसकर्मी कॉलेज परिसर पहुंचे। कर्मियों ने छात्रों के साथ विस्तृत चर्चा की, उनकी चिंताओं को सुना और उन्हें समस्याओं को हल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

आष्टा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) आकाश अमालकर ने कहा कि कॉलेज और छात्रावास परिसर में स्थिति वर्तमान में नियंत्रण में है।

उन्होंने कहा कि परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इस बीच, कॉलेज प्रबंधन ने 30 नवंबर तक छुट्टी घोषित कर दी है।

सीहोर के पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला ने कहा कि स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि वीआईटी ने 30 नवंबर तक अवकाश घोषित किया है और कुछ छात्र घर जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एसडीएम और एसडीओपी वीआईटी के सभी छात्रावास के छात्रों से उनकी समस्याओं और बीमार छात्रों के बारे में जानकारी लेंगे और फिर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया, ‘राज्य के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान वीआईटी में पीलिया व्यापक रूप से फैल गया है। भोपाल, आष्टा और सीहोर के अस्पतालों में बड़ी संख्या में छात्र भर्ती हैं। कई बच्चों के गंभीर रूप से बीमार होने की भी खबरें हैं।’

उन्होंने आरोप लगाया, ”यह न केवल शैक्षणिक संस्थानों की बल्कि सरकार और व्यवस्था की भी विफलता है।’

पटवारी ने कहा कि अगर मोटी फीस लेने के बावजूद संस्थान बच्चों को बुनियादी सुविधाएं, साफ पानी और शुद्ध भोजन मुहैया कराने में विफल रहता है तो इसे अपराध माना जाना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ”भाजपा सरकार बच्चों की आवाज़ को दबाना चाहती है। कांग्रेस न्याय की लड़ाई बच्चों को साथ लेकर लड़ेगी। हम अपने भविष्य को जाया नहीं होने देंगे।’

भाषा सं ब्रजेन्द्र दिमो शोभना

शोभना