मप्र : बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया, तीन की मौत, 10 घायल

Ads

मप्र : बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया, तीन की मौत, 10 घायल

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 09:19 AM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 09:19 AM IST

रतलाम, 26 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में मुहर्रम के मौके पर निकाले जा रहे ताजिये के बृहस्पतिवार देर रात बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकरा जाने के कारण करंट लगने से तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पिपलौदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में ताजिये के साथ जुलूस निकाला जा रहा था।

उन्होंने बताया कि ताजिया बृहस्पतिवार रात 11:15 बजे के आस-पास बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया जिससे उसमें करंट फैल गया और उसे उठाकर ले जा रहे कई लोग झुलस गए।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया, ‘इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की जांच की जा रही है।’

अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद 10 घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हतनारा के मेवाती मोहल्ला से निकले जुलूस के दौरान ताजिया बिजली लाइन से टकरा गया। इसके बाद ताजिया उठा रहे लोग करंट लगने से नीचे गिर पड़े।

रतलाम चिकित्सा महाविद्यालय के अधिकारी डॉ. रवींद्र सोलंकी ने बताया कि अस्पताल लाए गए घायलों में तीन लोगों की पहले ही मौत हो चुकी थी।

भाषा सं. हर्ष वैभव रंजन

रंजन