रतलाम, 26 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में मुहर्रम के मौके पर निकाले जा रहे ताजिये के बृहस्पतिवार देर रात बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकरा जाने के कारण करंट लगने से तीन लोगों की मौत हो गई और 10 व्यक्ति घायल हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद बिजली वितरण कंपनी ने कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में एक कर्मचारी को निलंबित कर दिया और दो मजदूरों को काम से हटा दिया।
अधिकारियों ने बताया कि पिपलौदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में ताजिये के साथ जुलूस निकाला जा रहा था।
उन्होंने बताया कि ताजिया बृहस्पतिवार रात 11:15 बजे के आस-पास बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया जिससे उसमें करंट फैल गया और उसे उठाकर ले जा रहे कई लोग झुलस गए।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया,’इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की जांच की जा रही है।’
अधिकारियों ने बताया कि घटना में राशिद खान (32), अरबाज (25) और सड्डू (40) की मौत हो गई और शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए।
उन्होंने बताया कि 10 घायलों को रतलाम चिकित्सा महाविद्यालय, जिला चिकित्सालय और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हतनारा के मेवाती मोहल्ला से निकले जुलूस के दौरान ताजिया बिजली लाइन से टकरा गया। इससे ताजिया उठा रहे लोग करंट लगने के कारण नीचे गिर पड़े। उनके संपर्क में आने से आस-पास मौजूद कुछ अन्य लोग भी करंट की जद में आ गए।
रतलाम चिकित्सा महाविद्यालय के अधिकारी डॉ. रवींद्र सोलंकी ने बताया कि इस संस्थान से जुड़े अस्पताल में लाए गए घायलों में तीन लोगों की पहले ही मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद जिलाधिकारी मिशा सिंह और अन्य आला अफसरों ने चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल तीन घायल चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती हैं और तीनों की स्थिति खतरे से बाहर है।
अधिकारियों के मुताबिक मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने घटना के संबंध में अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी घनश्याम गिर को कर्तव्य में कथित लापरवाही के कारण निलंबित कर दिया।
उन्होंने बताया कि बिजली कंपनी ने इस मामले में दो मजदूरों को काम से हटा दिया है।
भाषा
सं, हर्ष रवि कांत