मप्र : शहडोल में लकड़ी तस्करों ने वन विभाग की टीम को बनाया बंधक, पुलिस ने मुक्त कराया

Ads

मप्र : शहडोल में लकड़ी तस्करों ने वन विभाग की टीम को बनाया बंधक, पुलिस ने मुक्त कराया

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 05:04 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 05:04 PM IST

शहडोल (मध्यप्रदेश), 19 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में लकड़ी तस्करों के एक समूह ने वन विभाग के कर्मचारियों को बंधक बनाकर उनसे मारपीट की, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मुक्त कराया और आरोपियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना जिले के उत्तर वन मंडल के वन परिक्षेत्र अमझोर में 18-19 फरवरी की दरमियानी रात को हुई और विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर सात नामजद आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उत्तर वन मंडल की वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) तरुणा वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि 18-19 फरवरी की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि परिक्षेत्र अमझोर अंतर्गत साल प्रजाति के वृक्षों की अवैध कटाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जानकारी मिलते ही सीधी सर्किल के डिप्टी रेंजर एवं अन्य बीट गार्ड की टीम को मौके पर रवाना किया गया और उन्होंने घेराबंदी कर मौके पर आरोपियों को साल की लकड़ी काटते हुये रंगे हाथों पकड़ भी लिया।

वर्मा ने बताया कि तभी आरोपियों ने वन कर्मचारियों पर अचानक हमला कर उन्हें बंधक बना लिया, जिसमें कुछ कर्मचारी घायल भी हो गए।

डीएफओ वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने सभी वन कर्मियों को छुड़ा कर आरोपियों को पकड़ लिया।

उन्होंने बताया कि वन विभाग ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में साल प्रजाति की लकड़ी जब्त की है और आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध के साथ-साथ शासकीय कार्य में बाधा डालने, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और मारपीट करने के संबंध में जयसिंह नगर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।

जयसिंह नगर थाना प्रभारी अजय बैगा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वन कर्मियों के साथ मारपीट के मामले में सात नामजद आरोपी हैं, जिनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

भाषा सं ब्रजेन्द्र शफीक

शफीक