Reported By: SATENDRA SINGH TOMAR
,Morena Extramarital Affair Murder Case/Image Source: IBC24
मुरैना: Morena Murder Case: रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है। मुरैना जिले के सिहोनिया थाना इलाके में एक पत्नी ने ही अपने सुहाग की मौत की पटकथा लिख डाली। अवैध संबंधों के चलते दोपहर में पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई और रात होते-होते प्रेमी ने घर में घुसकर सो रहे व्यक्ति को गोली मार दी। पुलिस ने कॉल डिटेल्स और परिजनों के बयानों के आधार पर इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया है।
Morena Murder Case: दरअसल मामला मुरैना जिले के सिहोनिया थाना क्षेत्र की मिडिल स्कूल वाली गली का है जहां होली की पूर्णिमा की रात लवकुश माहौर की गोली लगने से मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही थी, लेकिन परिजनों ने पड़ोसी युवक विक्रम परमार पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने जब मामले की बारीकी से जांच शुरू की तो चौंकाने वाला खुलासा सामने आया। पता चला कि मृतक की पत्नी खुशी का पड़ोसी युवक विक्रम परमार से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी और पति को रास्ते से हटाने की साजिश भी रची जा चुकी थी।
Morena Murder Case: पुलिस जांच में सामने आया कि लवकुश की पत्नी खुशी के कहने पर ही विक्रम ने बिस्तर पर सो रहे लवकुश को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर घर के लोग जाग गए तो विक्रम छत के रास्ते भागकर अपने घर पहुंच गया ताकि किसी को उस पर शक न हो। पुलिस पूछताछ में आरोपी विक्रम ने बताया कि उसने शुरुआत में हत्या करने से मना कर दिया था, लेकिन खुशी ने अपने 15 दिन के बेटे की कसम देकर उसे राजी कर लिया। इसके बाद उसने आधी रात को घर में घुसकर लवकुश को गोली मार दी। पुलिस ने आरोपी विक्रम परमार और मृतक की पत्नी खुशी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच शुरू कर दी है।