भोपाल। MP Bridge Collapse: मध्यप्रदेश के जबलपुर में रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर बने ओवरब्रिज का एक हिस्सा धंसने के मामले में अब जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। इस प्रकरण में मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPRDC) ने तत्कालीन संभागीय प्रबंधक आरपी सिंह और तत्कालीन सहायक महाप्रबंधक संतोष शर्मा की पेंशन रोकने की सिफारिश की है।
मिली जानकारी के अनुसार MPRDC ने मुख्य सचिव को पत्र भेजकर दोनों अधिकारियों की पेंशन रोके जाने की अनुशंसा की है। पत्र में ओवरब्रिज के निर्माण और रखरखाव में लापरवाही का उल्लेख किया गया है। कॉर्पोरेशन ने अपनी आंतरिक जांच में पाया कि संबंधित अधिकारियों के स्तर पर निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण में गंभीर चूक हुई, जिसके चलते ओवरब्रिज का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ।
MP Bridge Collapse: बता दें कि जबलपुर से भोपाल को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-45 पर शहपुरा के समीप रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर बना ब्रिज का एक हिस्सा रविवार शाम 5 बजे धंस गया। ब्रिज के धंसने के बाद मार्ग को बंद कर दिया गया है। घटना के बाद मौके पर यातायात रोक दिया गया और वैकल्पिक व्यवस्था लागू की गई है। जानकारी के अनुसार, यह वही ब्रिज है जिसकी दूसरी लेन का हिस्सा दिसंबर में क्षतिग्रस्त हुआ था। तब से आवागमन एक लेन से कराया जा रहा था, जबकि दूसरी लेन पर मरम्मत/निर्माण कार्य चल रहा था। वर्तमान में जिस हिस्से में निर्माण कार्य जारी है, उसके बीच यह नई क्षति सामने आई है।